जमशेदपुर:- जमशेदपुर के डिमना रोड स्थित ग्रीन इंडियन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गैस चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि एजेंसी द्वारा वितरित किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों में निर्धारित वजन से काफी कम गैस दी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


इस बात का शक होने पर मौके पर ही जब सिलेंडर का वजन किया गया तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। आमतौर पर भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर का कुल वजन 29 किलो 800 ग्राम होना चाहिए, लेकिन ऑन स्पॉट जांच में सिलेंडर का वजन मात्र 26 किलो 50 ग्राम पाया गया। यानी प्रति सिलेंडर लगभग 3 किलो से अधिक गैस की कमी।
ग्राहक का कहना है कि यह कोई एक बार की घटना नहीं है, बल्कि हर बार यही खेल किया जा रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि सिलेंडर अपेक्षा से बहुत जल्दी खत्म हो जाता है, लेकिन इस बात की शिकायत करने पर एजेंसी की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया जाता। जिसके बाद सिलेंडर को ऑन स्पॉट डिलीवरी के वक्त ही वजन किया गया तो चोरी पकड़ी गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस की इस कथित चोरी से न केवल उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ रहा है, बल्कि यह सीधे तौर पर नियमों और उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन भी है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से मामले की तत्काल जांच और दोषी एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

