श्रीनाथ विश्वविद्यालय की एनएसएस टीम के द्वारा झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला स्थित उदयपुर गांव में ग्रामीण महिलाओं के बीच वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था जिसमें गांव की महिलाओं के साथ साथ बच्चों, ग्रामीणों तथा एनएसएस छात्र स्वयंसेवकों ने भाग लिया।


वित्तीय साक्षरता का यह प्रयास विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजित किया गया था जिसमें बीमा शक्ति योजना और अटल पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रीनाथ विश्वविद्यालय की एनएसएस टीम के द्वारा इन योजनाओं के उद्देश्य, लाभ, पात्रता एवं आवेदन की प्रक्रिया को सरल भाषा में महिलाओं को समझाया गया, जिससे महिलाओं को अपने आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जागरूक किया जा सके।
इस दौरान छात्रों ने आसपास के क्षेत्रों में सभी के लिए डिजिटल साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया जिसमें मोबाइल फोन के उपयोग, डिजिटल यूपीआई भुगतान, ऑनलाइन बैंकिंग, तथा डिजिटल माध्यमों से सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में भी सभी को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को रोचक और बच्चों के लिए आसान बनाने के लिए इको-फ्रेंडली बैग निर्माण जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता करने का भी प्रयास किया गया।
पूरा कार्यक्रम एनएसएस प्रमुख सहायक प्रोफेसर श्रीमती शालिनी ओझा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें सहायक प्रोफेसर रूबी संत्रा स्कूल ऑफ फार्मेसी, तथा श्री चंदन कुमार, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग का काफी सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस छात्र स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

