

जमशेदपुर:- शनिवार की शाम करीब 4.30 बजे गालूडीह व राखामाइंस रेलवेे स्टेशन के बीच सुवर्णरेखा नदी पर थर्ड लाइन के लिए बन रहे पुलिया निर्माण में लगा एक मजदूर ऊपर से गिर गया। उसे उठाकर गालूडीह निरामया अस्पताल में इलाज केे लिए भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।बता दें कि इस घटना के बाद ठेका कंपनी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद गालूडीह पुलिस घटनास्थल पर जाकर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान प. बंगाल के बर्द्धवान जिले से रसिकपुर निवासी सोमनाथ चटर्जी के रूप में की गयी। वह बीते चार-पांच माह से यहां काम कर रहा था।

जानकारी हो कि गालूडीह- राखामाइंस रेलवे स्टेशन के बीच सुवर्णरेखा नदी पर थर्ड लाइन के पुलिया निर्माण कार्य ठेका कंपनी जीपीटी करवा रही है। 8 वें पिलर का ढलाई कार्य कराया जा रहा है। उक्त मजदूर पिलर के ऊपर काम कर रहा था। फिसलने से सीधे नदी में नीचे गिर गया। नीचे पानी के बजाय बालू पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी इससे उसकी मौत हो गयी। मजदूरों ने ठेका कंपनी पर सुरक्षा नियमों का अनदेखी का आरोप लगाया है।
सुवर्णरेखा नदी पर थर्ड लाइन के लिए पुलिया का काम चल रहा है। रेलवे ने निजी एजेंसी को इस काम का ठेका दिया है। ठेका एजेंसी इस कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर लापरवाही बरत रही हैं और रेलवे के अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। कर्मचारियों और मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरण के ऊंचे-ऊंचे पिलरों पर चढ़ाया जा रहा है। मजदूर करीब करीब 50 फीट से अधिक उंचाई पर काम करते हुए गिर गया। रेलवे प्रशासन ठेका कंपनी की गलती बताकर पल्ला झाड़ रहा है।
पिलर ढलाई में मजदूर करीब 50 फीट ऊपर जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं। ठेका एजेंसी द्वारा निर्माणाधीन पुलिया के पास घेरा अथवा जाली भी नहीं लगाया गया है। अन्य राज्यों से आए मजदूर बिना सुरक्षा उपकरण के काम करने के लिए मजबूर हैं।बता दें कि मजदूरों के मुताबिक उन्हें प. बंगाल से लाया गया है। कार्य के दौरान दुर्घटना को लेकर आशंकित रहते हैं। सेफ्टी बेल्ट की मांग भी करते हैं।
