घाटशिला :- सोना देवी विश्वविद्यालय के एसडीयू स्कूल ऑफ फार्मेसी में आज 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. इस वर्ष की थीम थिंक हेल्थ थिंक फार्मासिस्ट को ध्यान में रखते हुए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री सुधांशु शांडिल्य ने किया. उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि फार्मासिस्ट समाज के स्वास्थ्य प्रहरी हैं और दवा वितरण के साथ साथ जनस्वास्थ्य जागरूकता में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. विभागाध्यक्ष श्री राहुल कुमार साव ने फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और इसके उज्ज्वल भविष्य पर प्रकाश डाला. वहीं सहायक प्राध्यापक श्री किशोर कुमार महाकुर कुमारी हर्षा वर्मा तथा सुश्री उमा महतो ने अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत ईमानदारी और शोध भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. प्रयोगशाला प्रदर्शनकर्ता सुश्री शफीनाज ने छात्रों को फार्मासिस्ट की मरीज सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका पर जागरूक किया. इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग एवं मॉडल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने फार्मेसी से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित की. प्रतियोगिता में छात्रों ने स्वास्थ्य और दवा सुरक्षा से संबंधित आकर्षक पोस्टर एवं मॉडल प्रस्तुत किए. इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मिलकर एक रैली का आयोजन किया जिसमें थिंक हेल्थ थिंक फार्मासिस्ट के संदेश के साथ स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ा गया. रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नारों और बैनरों के माध्यम से आमजन को फार्मासिस्ट की महत्ता बताई. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. यह आयोजन छात्रों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ और समाज में फार्मासिस्ट की भूमिका को उजागर करने वाला रहा




