दुमरिया में 10 करोड़ की लागत से बना 30 बेड का अस्पताल 15 अगस्त से पहले होगा शुरू

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम: पूर्वी सिंहभूम जिले के दुमरिया प्रखंड में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के नए अस्पताल का उद्घाटन 15 अगस्त से पहले किए जाने की तैयारी है। इसकी जानकारी पोटका विधायक संजीव सरदार ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करने के दौरान दी। उन्होंने निर्माण कार्य और अस्पताल में चल रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

विधायक ने बताया कि अस्पताल शुरू होने के बाद दुमरिया प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में बिजली आपूर्ति के लिए 9.5 लाख रुपये की लागत से कार्य अंतिम चरण में है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर तक भूमिगत केबल बिछाने और अस्पताल में बिजली आपूर्ति शुरू करने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल के लिए शव वाहन (मॉर्चरी वाहन) उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया है।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र के बाद अस्पताल का उद्घाटन कर इसे 15 अगस्त से पहले आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।