गिरिडीह में 25 लाख के इनामी माओवादी अजय महतो गिरफ्तार, 240 से अधिक मामलों का आरोपी

Spread the love

गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन ने संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के स्पेशल एरिया कमेटी (एसएसी) के शीर्ष कमांडर और 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ मोचू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। उस पर हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षा बलों पर हमले और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 240 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 17 जुलाई को खूखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी अंतर्गत जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद गिरिडीह पुलिस और कोबरा-209 बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाया। तकनीकी और मानव स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पिपराडीह (खावस्तान टोला) के घने जंगल की घेराबंदी कर अजय महतो को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार अजय महतो वर्ष 2005 से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था। वह लेवी वसूली, हथियार और विस्फोटक जुटाने के साथ-साथ बड़े नक्सली हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में अहम भूमिका निभाता था। वह पारसनाथ, सारंडा और लुगू पहाड़ जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में लंबे समय तक सक्रिय रहा।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरिडीह में उसके खिलाफ 68 मामले दर्ज हैं, जबकि पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और सरायकेला सहित कई जिलों में भी गंभीर मामले लंबित हैं।

एसपी डॉ. विमल कुमार ने इसे माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने संगठन से जुड़े अन्य लोगों से आत्मसमर्पण कर राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की।