सरायकेला: सरायकेला अनुमंडल कार्यालय परिसर में शनिवार को नारायणा हेल्थ के सहयोग से एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था। शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश ने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच कराई। उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी शिविर का लाभ उठाया। कुल 113 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।


शिविर में पहुंचे नारायणा हेल्थ के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, आवश्यक रक्त जांच, आंख, दांत और त्वचा संबंधी रोगों की भी जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने मरीजों को उचित परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।
चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी ताकि विभिन्न बीमारियों से बचाव किया जा सके। एसडीओ अभिनव प्रकाश ने शिविर के सफल आयोजन के लिए नारायणा हेल्थ की टीम और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर में शामिल लोगों ने प्रशासन और नारायणा हेल्थ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

