जमशेदपुर: बिरसानगर में 19 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजय गार्डेन गेट नंबर-2 स्थित एक घर में शनिवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

परिजनों के अनुसार युवक ने शुक्रवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्यों ने उसे देखा तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान रोहित गोप (19) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ (NTTF) में पढ़ाई कर रहा था और जल्द ही उसे नौकरी मिलने की संभावना थी। परिवार के अनुसार रोहित घर का इकलौता बेटा था। परिजनों ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।