हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड अंतर्गत सेलहारा पंचायत के भोक्ता टोली निवासी 20 वर्षीय अनिल भोक्ता की ट्रैक्टर दुर्घटना में मौत हो गई। अनिल, महावीर भोक्ता के पुत्र थे और बालू लदे ट्रैक्टर को चलाकर भगहर क्षेत्र से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के एक घुमावदार मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर चला रहे अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।


घटना की सूचना पर चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का मानना है कि बालू ढुलाई के दौरान प्रशासनिक कार्रवाई के डर से चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिसके कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। अनिल अपने पीछे पत्नी और तीन माह की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

