सोनारी में 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने युवती पर ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित खुंटाडीह (बरतल्ला) निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार यादव ने रविवार शाम करीब छह बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अजय गम्हरिया की एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

मृतक के मामा रिंकू यादव और अन्य परिजनों ने कदमा निवासी एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवती लगातार अजय पर शादी का दबाव बना रही थी तथा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल कर रही थी। परिजनों का दावा है कि मृतक के मोबाइल फोन में दोनों के बीच हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिससे मामले की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों, मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी की जा रही है।