जमशेदपुर। संस्कार भारती जमशेदपुर महानगर इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026 को एक भव्य स्मरण सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्कार भारती के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष, परम पूज्य पद्मश्री डॉ. शैलेंद्र नाथ श्रीवास्तव की स्मृति को समर्पित रहा। इस अवसर पर “लोक दृष्टि में संविधान” विषय पर अंतर महाविद्यालय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें शहर के विभिन्न कॉलेजों से लगभग 40 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने संविधान के महत्व, सामाजिक सरोकारों और जनमानस में उसकी भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ सदस्य श्रीमती कृष्णा सिन्हा, विभाग प्रमुख श्री विजय भूषण एवं श्रीमती रमा सिंह शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में पायल रानी मंडल (वर्कर्स कॉलेज) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रौशन कुमार (को-ऑपरेटिव कॉलेज) द्वितीय और सोनिया टुडू (ग्रेजुएट कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्रोत्साहन पुरस्कार राजा डोंगरे, राखी कुमारी, प्रियंका तिवारी, दिशा कुमारी एवं श्रुति कुमारी को प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान संस्कार भारती के पुराने सक्रिय सदस्यों—नागेश राव, डॉ. शकुंतला पाठक और हरि मित्तल—को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभागार में 100 से अधिक लोग उपस्थित रहे और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल बना रहा।
संस्कार भारती की अध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. शैलेंद्र नाथ श्रीवास्तव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे पटना विश्वविद्यालय में हिंदी के प्रोफेसर रहे और तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर के कुलपति के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा साहित्य, कला और युवा प्रेरणा के लिए समर्पित किया तथा 12 वर्षों तक संस्कार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष डॉ. मुदिता चंद्रा, संरक्षक डॉ. जूही समर्पिता, महामंत्री श्रीमती अरुणा भूषण, मातृ शक्ति प्रमुख श्रीमती अनीता सिंह एवं डॉ. पुष्पा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्री नीलांबर चौधरी और श्रीमती उपासना सिन्हा द्वारा प्रस्तुत ध्येय गीत से हुई, जबकि संचालन प्रेस सचिव श्री विनोद सिंह ने किया।
इसके अलावा कार्यक्रम में संस्कार भारती के सक्रिय सदस्य—विद्या तिवारी, पुष्पांजलि मिश्रा, बबली मीरा, आरती श्रीवास्तव, सुधा गोयल, बलविंदर सिंह, सरिता सिंह, डॉ. सुनील नंदवानी एवं डॉ. लक्ष्मी झा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।

