मांगो में कुएं में गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के मांगो थाना क्षेत्र स्थित मुंशी मोहल्ला (पोस्ट ऑफिस रोड) में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय रघुवीर सिंह की कुएं में गिरने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संतुलन बिगड़ने के कारण वह घर के परिसर में बने गहरे कुएं में गिर गए।

स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रघुवीर सिंह शनिवार रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुएं के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरे। गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद निर्मल कौर मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक रघुवीर काफी नीचे जा चुके थे।

कुएं के पास मौजूद किसी भी व्यक्ति को तैरना नहीं आता था, इसलिए उन्हें तत्काल बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। कुछ देर बाद पड़ोसी हीरा सिंह ने साहस दिखाते हुए कुएं में उतरकर बचाव का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रघुवीर सिंह को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

मृतक रघुवीर सिंह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बर्नपुर के रहने वाले थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उनका विवाह भी नहीं हुआ था। वह पिछले ढाई वर्षों से जमशेदपुर में रहकर श्रीराम राशन स्टोर में काम करते थे और इसी से अपनी आजीविका चलाते थे।

घटना की सूचना मिलते ही मांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।