चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चाईबासा क्षेत्र में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर खनिज परिवहन कर रहे छह वाहनों को जब्त किया गया है।


जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मनोहरपुर क्षेत्र में बिना वैध परिवहन चालान के गिट्टी और स्टोन चिप्स का परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। वहीं मंझारी थाना क्षेत्र में एक बालू लदा ट्रैक्टर तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में तीन बालू लदे ट्रैक्टर भी बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन करते हुए पाए गए।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सभी वाहन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) एवं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इसके बाद खनन टास्क फोर्स ने सभी छह वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना के हवाले कर दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोषियों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन गतिविधियों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

