श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में थर्ड ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन

Spread the love

 

आज दिनांक 11/04/2026 को आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन में महाविद्यालय के थर्ड ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। जिसमें चार सत्रों 2019-21, 2020-22, 2021-23 तथा 2022-24 के विद्यार्थी सम्मिलित हुए और प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

    इस महत्वपूर्ण अवसर पर  कोल्हान विश्वविद्यालय के सीवीसी डॉ प्रभात कुमार मुख्य अतिथि के रूप में तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय के बॉटनी डिपार्टमेन्ट के विभागाध्यक्ष डॉ दारा सिंह गुप्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ प्रभात कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं आज इस अवसर पर आपके महाविद्यालय में उपस्थित हूं। आप शिक्षक बन गए हैं आप बच्चों का कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर ध्यान दें साथ ही  खुद को एक अच्छा इंसान बनाए। स्वयं को कार्यस्थल की राजनीति से दूर रखें तभी आप अपने कर्तव्य के प्रति एकाग्र हो सकेंगे। आपके द्वारा पढ़ाए गए विद्यार्थी जब किसी बड़े पद पर पहुंचेंगे उस दिन आपको  महसूस होगा कि आपने समाज को क्या दिया है। आप यदि अपनी जीवन में कहीं असफल हो जाते हैं तो उसे अंतिम नहीं समझिए। आपको यह मान कर चलना है कि आपको बहुत आगे जाना है।  खुद को अवसाद में न घिरने दे बल्कि चुनौतियों से लड़े और आगे बढ़े, सफलता स्वयं आपके कदम चूमेगी।

    विशिष्ट अतिथि डॉ दारा सिंह गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक सर्टिफिकेट मात्रा नहीं है बल्कि यह आपके जीवन का साथी है। आप इस प्रमाण पत्र का सदुपयोग करें। आपको महाविद्यालय के द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की गई है और यह आपके द्वारा अब बच्चों तक पहुंचेगी। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि श्रीनाथ कॉलेज आफ एजुकेशन का एनएसएस में हमेशा से बहुत अच्छा योगदान रहा है और यहां के विद्यार्थी पूरी निष्ठा से एनएसएस  का कार्य करते हैं । आप शिक्षक के रूप में जहां जाए पूरे मन से बच्चों को शिक्षा प्रदान करें। आपके माध्यम से ही एनईपी में जो लक्ष्य रखा गया है वह पूर्ण हो सकेगा।

 इसके पूर्व संस्था के अध्यक्ष श्री सुखदेव महतो ने स्वागत भाषण दिया। श्री सुखदेव महतो ने सभी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए विद्यार्थियों को कहा कि आप आदर्श शिक्षक के रूप में जहां जाएं अपनी पहचान बनाएं। आपके ऊपर भारत के भविष्य को गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आप समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले हैं। 

   इस अवसर  पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ मौसुमी महतो ने महाविद्यालय का रिपोर्ट प्रस्तुत किया।  इसके अतिरिक्त अतिथियों के द्वारा सोवेनियर का भी विमोचन हुआ।

   गणमान्य अतिथियों तथा शिक्षको के द्वारा अकादमिक शोभायात्रा भी निकाली गई । 

 सभी पूर्व विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया इसके साथ ही  बीएड मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर 

 स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली प्रशिक्षु सत्र 2020-22 की पूजा कुमारी तथा सत्र 2021-23 के छात्र  संदीप कुमार को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रबंधन की सदस्या श्रीमती अनिता महतो , महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण तथा शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित थे ।