Saraikela : आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में शनिवार को आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए जनगणना कार्य की विस्तृत रूपरेखा साझा की।


डिप्टी मेयर ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनियुक्त कर्मियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। यह प्रशिक्षण जनगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम क्षेत्र में जनगणना का कार्य 16 मई से विधिवत शुरू होगा। इसके लिए पूरे निगम क्षेत्र को अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक जोन के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र करेंगी।
जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से लगभग 34 से 35 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके आधार पर डेटा संकलित किया जाएगा। डिप्टी मेयर ने कहा कि यह आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना टीम का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सही तरीके से पहुंच सके। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी टीम निर्धारित समय सीमा के भीतर इस राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करेगी।

