महुआडांड़ : Mahuadanr प्रखंड के बोहटा स्थित पर्यटक विश्राम गृह के पीछे चल रहे बाउंड्री और भवन निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। करोड़ों रुपये की इस योजना में घटिया सामग्री के उपयोग और अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन बाउंड्री दीवार में ही पानी रिसने लगा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि निर्माण में मानकों के अनुरूप सीमेंट और अन्य सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिसके कारण नई दीवारों में भी कमजोरी नजर आ रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि योजना से संबंधित कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। निर्माण स्थल पर योजना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे लागत, एजेंसी और निगरानी से जुड़ी जानकारी लोगों को नहीं मिल पा रही है।
लोगों का कहना है कि बिना प्रभावी निगरानी के ठेकेदार मनमाने तरीके से काम कर रहा है और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नजर नहीं आते। इसे सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला बताते हुए ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

