जमशेदपुर स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ।


कार्यक्रम में कुलपति डाॅ ब्रज मोहन पट पिंगुआ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने तथा ऊर्जा संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कुलसचिव डॉ. नित नयना ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के निर्देशानुसार 15 से 23 मई तक विश्वविद्यालय में प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि “जलवायु परिवर्तन” विषय पर आधारित विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के पूर्व-अभियान के तहत पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) द्वारा मिशन LiFE पहल के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के तहत विश्वविद्यालय में ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, एकल-उपयोग प्लास्टिक पर रोक, अपशिष्ट एवं ई-अपशिष्ट प्रबंधन, तथा हरित आवरण बढ़ाने जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों एवं समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

