नई दिल्ली/जमशेदपुर: अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय अधिवेशन सोमवार को नई दिल्ली स्थित ली मेरिडियन होटल, जनपथ में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बसंत मित्तल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन सहित अन्य पदाधिकारियों का भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में देशभर से अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सम्मेलन की स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी और पूर्व में कृष्ण मोदी, बनारसी दास गुप्ता, प्रदीप मित्तल एवं सुरेंद्र गुप्ता जैसे वरिष्ठ नेता इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। हाल ही में हुए चुनाव में बसंत मित्तल ने निवर्तमान अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग को पराजित कर यह पद हासिल किया।
समारोह का शुभारंभ जगद्गुरु स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज के करकमलों से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओम बिरला ने अपने संबोधन में समाज की एकजुटता और सेवा भावना को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। उन्होंने नई टीम को बधाई देते हुए संगठन को समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, संजय सेठ, हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल एवं राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. एस.एस. अग्रवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहे। देश के विभिन्न राज्यों से आए विधायक, सांसद और समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
जमशेदपुर की सक्रिय भागीदारी
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में जमशेदपुर से भी अग्रवाल समाज के कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मुरारका, जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, महासचिव मंटू अग्रवाल, संरक्षक ओम प्रकाश रिंगसिया, सन्नी संघी एवं सलाहकार दीपक पारीक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
यह आयोजन न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बना, बल्कि समाज के विकास, एकता और राष्ट्रहित में कार्य करने की नई दिशा भी तय करने वाला साबित हुआ।

