बांसकरचा में संत मिखाईल चर्च का उद्घाटन, विशप थियोडोर मस्कारेन्हास ने दिया आशीर्वाद

Spread the love

प्रखंड क्षेत्र के बांसकरचा गांव में शनिवार को संत मिखाईल चर्च का विधिवत उद्घाटन थियोडोर मस्कारेन्हास (स्वामी विशप, डाल्टनगंज धर्मप्रांत) द्वारा आशीर्वाद के साथ किया गया। यह आयोजन महुआडांड़ डिवीजन के साले पारिष अंतर्गत सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की, स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह, इस्तेखार अहमद, उपप्रमुख अभय मिंज, मुनेश्वर उरांव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में विशप थियोडोर मस्कारेन्हास ने कहा कि चर्च केवल प्रार्थना का स्थान नहीं, बल्कि एकता, प्रेम और काथलिक विश्वास का प्रतीक है। यहां से समाज में सेवा, भाईचारा और आध्यात्मिक ज्ञान का प्रसार होगा।

वहीं डाल्टनगंज धर्मप्रांत के विकार जनरल संजय गिद्ध ने अपने संबोधन में कहा कि चर्च का निर्माण सामूहिक प्रयास और एकता का उदाहरण है, जो समाज को यीशु मसीह के त्याग, सेवा और समर्पण की भावना से जोड़ता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंधु तिर्की और विधायक रामचंद्र सिंह समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि चर्च समाज में केवल आध्यात्मिक विकास ही नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, गरीबों के उत्थान और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का भी कार्य करेगा।

इस दौरान डीन अशोक नागेशिय, फादर रोशनर खाखा, पल्ली पुरोहित फादर मुक्त लाल सहित कई अन्य धर्मगुरु और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, महिला-पुरुषों, युवाओं और बाहर कार्यरत लोगों का विशेष योगदान रहा।