प्रखंड के खेल स्टेडियम में शनिवार को स्वर्गीय रियाजुद्दीन अहमद मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र सिंह, उप प्रमुख अभय मिंज, इफ्तेखार अहमद एवं अजीत पाल कुजूर सहित कई गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर टूर्नामेंट की शुरुआत की।


इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और टॉस कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज कराया। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मायापुर और महुआडांड़ की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ स्टेडियम में उमड़ी और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाती रही।
कार्यक्रम में आमिर सुहैल, रानू खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन अजीत पाल कुजूर ने किया। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के मुखिया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

