राजदंडा गांव में 9 दिनों से अंधेरा, बिजली बहाली की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दिया आवेदन

Spread the love

प्रखंड क्षेत्र के राजदंडा गांव में पिछले 9 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में बिजली पोल गिरने और कई जगहों पर तार टूट जाने से पूरे इलाके में अंधेरा छाया हुआ है।

बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं पेयजल संकट भी गहराने लगा है। भीषण गर्मी के बीच बुजुर्गों और बीमार लोगों की स्थिति और भी कठिन हो गई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने बिजली विभाग, महुआडांड़ को आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस पर विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि गिरे हुए पोल और टूटे तारों की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा तथा अगले 3 से 4 दिनों के भीतर गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।