डीसी-एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक, सुरक्षा व सुविधाओं की हुई समीक्षा

Spread the love

समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह डीसी नितिश कुमार सिंह एवं एसपी निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की मूलभूत सुविधाएं और प्रशासनिक प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कारा परिसर में सीसीटीवी, जैमर, सायरन सहित अन्य सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। डीसी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि बंदियों को स्वच्छ एवं संतुलित भोजन, शुद्ध पेयजल और आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए नियमित जांच शिविर, दवा वितरण और जरूरत पड़ने पर उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को लेकर भी कई निर्देश दिए गए। जेल परिसर और आसपास साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई तथा नाली-ड्रेनेज व्यवस्था के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान तैयार कर विभाग को भेजने को कहा गया। सुरक्षा मानकों के तहत नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण और प्रवेश द्वार पर सघन जांच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

डीसी ने विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, बैरकों की नियमित जांच और रात्रि गश्ती को मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने की बात कही।

एसपी निधि द्विवेदी ने महिला बंदियों और उनके बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बच्चों के लिए खिलौने और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कारा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उप समाहर्ता (सामान्य शाखा), जेल अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।