टाटा स्टील से स्क्रैप चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 10 टन लोहा जब्त

Spread the love

गम्हरिया पुलिस ने टाटा स्टील से हो रही बड़े पैमाने की स्क्रैप चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल एक सफेद महिन्द्रा स्कॉर्पियो वाहन के साथ करीब 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि 22 मई को गम्हरिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील गम्हरिया से भारी मात्रा में स्क्रैप चोरी कर झारगोविन्दपुर रेलवे फाटक के पास जमा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और टाटा स्टील की बाउंड्री के पास चोरी करते हुए निशांत कुमार पाण्डेय, नबीन प्रमाणिक, तुषार कुमार महतो और अमित कुमार यादव को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से बरामद स्कॉर्पियो (संख्या JH05EH 2727) पर करीब आधा टन लोहा स्क्रैप लदा हुआ था, जबकि आसपास से करीब 10 टन चोरी का स्क्रैप जब्त किया गया।

मामले में गम्हरिया थाना कांड संख्या 46/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्य—राजा हैम्ब्रम, विशाल गोराई और प्रकाश सोरेन—फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी और अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।