जमशेदपुर में मेगा जॉब फेयर: 260+ युवाओं को ऑफर लेटर, श्रीनाथ विश्वविद्यालय में रोजगार का बड़ा अवसर

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय में मंगलवार को मेगा अप्रेंटिसशिप सह जॉब फेयर का आयोजन किया गया, जिसमें 260 से अधिक अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इस रोजगार मेले का आयोजन विश्वविद्यालय और गुजरात की आमधनी के सहयोग से किया गया।

इस जॉब फेयर में 850 से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 260 से अधिक अभ्यर्थियों को नौकरी के अवसर मिले, जबकि 85 विद्यार्थियों को एक से अधिक कंपनियों से ऑफर प्राप्त हुए, जो इस आयोजन की बड़ी उपलब्धि रही।

मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों—एमआरएफ, अपोलो टायर्स, योकोहामा टायर्स, याजाकी, कोसोल एनर्जी, वर्सुनी, बजाज ऑटो लिमिटेड, 3एम इंडिया और धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड—ने भाग लिया। इन कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों ने उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए चयन किया।

भर्ती प्रक्रिया में एचआर प्रतिनिधि के रूप में शंतनु दास, सुब्रत कमरा, राहुल कुमार और देवेश पांडे मौजूद रहे। इस जॉब फेयर में वर्ष 2024, 2025 और 2026 बैच के 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भाग लेने का अवसर दिया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस एन सिंह, कुलसचिव डॉ. याह्या मजूमदार, सीनियर डायरेक्टर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ए के शाही, डायरेक्टर सुभोदीप भद्रा और टी एंड पी मैनेजर विकास गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करने और ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने और उनके करियर को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।