जामताड़ा जनता दरबार में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान

Spread the love

जामताड़ा: समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जमीन विवाद, मनरेगा मजदूरी भुगतान, पेयजल संकट, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आवास योजना, रोजगार, भू-अर्जन मुआवजा और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों को राहत प्रदान की गई।

नारायणपुर प्रखंड के पबिया साप्ताहिक हाट में अतिक्रमण और धार्मिक स्थल के पास मांस-मुर्गा बिक्री की शिकायत पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं नाला प्रखंड से आई पहाड़िया जनजाति की एक युवती ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर जिला नियोजन पदाधिकारी को पहल करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सूर्यमानी आंगनबाड़ी केंद्र के लंबे समय से बंद रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से जवाब तलब किया और संबंधित सेविका पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

ओबीसी प्रमाण पत्र के ऑनलाइन आवेदन में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि दोषी सीएससी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार के अंत में उपायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।