डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ महुआडांड़ में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, सैकड़ों लोगों ने जताई नाराजगी

Spread the love

कांग्रेस प्रदेश कमेटी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष लातेहार कामेश्वर यादव के आदेशानुसार मंगलवार को महुआडांड़ में डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

यह अभियान शाम 5 बजे महुआडांड़ पेट्रोल पंप परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और हस्ताक्षर कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। अभियान का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष नूरुल हसन अंसारी ने किया।

अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उनका कहना था कि महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे परिवहन लागत से लेकर दैनिक जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। इसका सबसे अधिक असर किसानों, मजदूरों, छात्रों, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है।

नेताओं ने यह भी कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से खेती-किसानी की लागत बढ़ गई है, जिससे किसानों का बजट बिगड़ गया है। वहीं आम परिवारों का घरेलू खर्च भी प्रभावित हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस हस्ताक्षर अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाना और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की मांग करना है, ताकि आम लोगों को महंगाई से राहत मिल सके।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश ज्वाइंट सेक्रेटरी कांता एक्का, जिला महासचिव रामनरेश ठाकुर, प्रखंड उपाध्यक्ष नसीम अंसारी, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहेल, युवा सचिव सद्दाम आलम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।