झारखंड के गारू थाना परिसर में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, प्रशासन ने सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

Spread the love

झारखंड के गारू थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी पूजा कुमारी ने की।

बैठक में अंचल अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, गारू प्रमुख सीता देवी सहित जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे। इस दौरान पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा अफवाहों से दूर रहने पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीएसपी पूजा कुमारी ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी लोग शांति एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाएं। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

अंचल अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और सभी से सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दी जाएगी। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा शांतिपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने का भरोसा दिलाया।