चक्रधरपुर: सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद और पूर्व मंत्री जोबा माझी एक बार फिर अपनी सादगी को लेकर चर्चा में हैं। मंगलवार को मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के गुदड़ी प्रखंड अंतर्गत लिगिर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में सांसद अपने विधायक पुत्र जगत माझी के साथ शामिल हुईं।


कार्यक्रम के बाद आयोजकों ने पारंपरिक तरीके से ग्रामीणों, सांसद और विधायक के लिए जमीन पर बैठकर भोजन की व्यवस्था की। बिना किसी झिझक के सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी जमीन पर बैठ गए और सखुआ के पत्तल में परोसा गया भोजन ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्रहण किया।
भोजन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें जमीन पर बैठकर खाते देख असहजता महसूस की, जिस पर सांसद जोबा माझी ने स्वयं आगे आकर उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि वह एक आंदोलनकारी शहीद परिवार से आती हैं, इसलिए चाहे कितना भी बड़ा पद क्यों न हो, जमीन से जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी के पति देवेंद्र माझी सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र में जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष करते हुए शहीद हो गए थे। उनके विधायक रहते जोबा माझी चक्रधरपुर के इतवारी बाजार में सब्जी भी बेचा करती थीं। आज भी वे राजनीति के साथ-साथ खेती-बाड़ी और घरेलू जिम्मेदारियों को संभालते हुए पूरी सादगी के साथ जीवन व्यतीत करती हैं।
ग्रामीणों ने सांसद के इस व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कदम जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच की दूरी को कम करता है।

