दुमका: मसलिया प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही अस्ताजोरा से हथियापाथर सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अब तक अधूरा पड़ा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


कार्यस्थल पर लगे सूचना बोर्ड के अनुसार, अस्ताजोरा से हथियापाथर तक 11.250 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य तिरुपति कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया था। योजना के तहत 3.620 किलोमीटर सीसी सड़क और 7.730 किलोमीटर बीटी सड़क का निर्माण किया जाना था। इस परियोजना की समय सीमा 27 सितंबर 2023 से 26 मार्च 2025 तक निर्धारित थी, लेकिन समय समाप्त होने के दो महीने बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई हिस्सों में केवल सीसी सड़क का ही निर्माण हुआ है, जबकि बीटी सड़क का अधिकांश भाग अब भी कच्चा पड़ा हुआ है। बरसात का मौसम नजदीक होने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बाबूपुर से दतियातपुर सड़क निर्माण कार्य भी इसी एजेंसी के जिम्मे है, जहां कार्य की गति बेहद धीमी है। समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द सड़क का निर्माण पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

