दुमका: मसलिया में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या, ऑनलाइन शिक्षा और संचार प्रभावित

Spread the love

दुमका: मसलिया प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सरकार जहां एक ओर डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर नेटवर्क की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोग कई कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कई हिस्सों में मोबाइल सिग्नल बिल्कुल नहीं मिलता, जिससे ऑनलाइन पढ़ाई, परीक्षा फॉर्म भरना, दस्तावेज डाउनलोड करना और इंटरनेट से जानकारी प्राप्त करना बेहद मुश्किल हो गया है। नेटवर्क कमजोर रहने के कारण युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार उन्हें कॉल करने या इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए घर से बाहर खुले मैदान या ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है। कॉल बार-बार कट जाना और नेटवर्क न मिलना आम समस्या बन गई है, जिससे लोग देश-दुनिया की जरूरी सूचनाओं से भी कटते जा रहे हैं।

मसलिया के पिपरा दो के निवासी विष्णु चंद्र पाल ने बताया कि क्षेत्र में नेटवर्क की बहुत समस्या है, जिससे ऑनलाइन पढ़ाई और जरूरी कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द नेटवर्क व्यवस्था सुधारने और टावर की सुविधा बढ़ाने की मांग की।

ग्रामीणों ने सरकार और दूरसंचार विभाग से क्षेत्र में मोबाइल टावरों की संख्या बढ़ाने तथा नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की है, ताकि छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा का लाभ मिल सके और ग्रामीणों की संचार संबंधी समस्याएं दूर हो सकें।

इस मांग को लेकर जीवन पाल, मिठून पाल, संतोष पाल, उमाशंकर पाल, सपन कुमार, विष्णु चंद्र पाल, कार्तिक पाल, जितेन पाल, रोहित पाल, गणेश पाल, बिरेन पाल, रतन कोल सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है।