बिरसानगर पीएम आवास: 100 से ज्यादा लाभुक फिर पहुंचे सरयू राय के पास, 31 मई तक चाबी नहीं तो 1 जून से अनशन की चेतावनी

Spread the love

जमशेदपुर: बिरसानगर पीएम आवास योजना के तहत 100 से अधिक लाभुक एक बार फिर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मिले और आवंटित फ्लैट की चाबी जल्द दिलाने की मांग की।

लाभुकों ने सरयू राय से आग्रह किया कि 31 मई तक उन्हें उनके फ्लैट की चाबी उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा उन्हें गंभीर आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सरयू राय ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह लगातार इस मुद्दे को लेकर प्रयासरत हैं।

इस दौरान सरयू राय ने मौके पर ही नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से फोन पर बातचीत की और लाभुकों को जल्द चाबी दिलाने का आग्रह किया। मंत्री ने जवाब में कहा कि वादा याद है, लेकिन प्रक्रिया में 10–15 दिन का समय और लग सकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि एक मामले में प्रशासनिक स्वीकृति लंबित है, जिसके बाद काम में तेजी आएगी।

इस पर सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि यदि 31 मई तक चाबी नहीं दी गई तो वे 1 जून को डीसी ऑफिस के सामने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अनशन पर बैठेंगे।

उन्होंने बताया कि पीएम आवास के दो ब्लॉक तैयार हैं, लेकिन ड्रेनेज और सड़क कार्यों की कमी के कारण प्रक्रिया रुकी हुई है। जेएनएसी और जुडको की ओर से अलग-अलग कार्य प्रगति की जानकारी दी गई है, जिसमें कुछ कार्य पूरे और कुछ अभी लंबित हैं।

बिजली कनेक्शन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जहां विभाग 192 मीटर लगाने की बात कह रहा है, वहीं लाभुकों के अनुसार केवल 85 घरों में ही मीटर लगे हैं।

सरयू राय ने यह भी कहा कि योजना में कई विसंगतियां सामने आ रही हैं, जिसमें पात्रता और आवंटन से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। उनका कहना है कि प्राथमिकता लाभुकों को जल्द से जल्द चाबी दिलाना है, ताकि वे बैंक लोन और किराए के बोझ से राहत पा सकें।

उन्होंने आश्वासन दिया कि वह एक बार फिर मंत्री से बातचीत करेंगे और एक तय समयसीमा तय कराने का प्रयास करेंगे, ताकि लाभुकों को जल्द राहत मिल सके।