सरयू राय और रेल यात्री संघर्ष समिति के लोग रेल महाप्रबंधक से बुधवार को मिलेंगे

Spread the love

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रेल यात्री संघर्ष समिति के संरक्षक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात कर वार्ता करने की इच्छा व्यक्त की है। इस क्रम में सरयू राय और रेल यात्री संघर्ष समिति ने तय किया है कि बुधवार को वे समिति के प्रमुख सदस्यों के साथ रेल महाप्रबंधक से मुलाकात करेंगे। महाप्रबंधक बुधवार को टाटानगर आने वाले हैं।

सरयू राय ने बताया कि चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि महाप्रबंधक उनसे मिलना चाहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह समिति के साथियों से चर्चा कर निर्णय लेंगे। बाद में समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह तय हुआ कि रेल महाप्रबंधक से मुलाकात कर यात्रियों की समस्याएं रखी जाएंगी।

सरयू राय ने कहा कि रेल यात्री संघर्ष समिति की प्रमुख मांग टाटानगर से ट्रेनों का समय पर परिचालन और समय पर आगमन सुनिश्चित करना है। विशेषकर मेमू और पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी से रोजाना यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिनमें कामकाजी लोग, विद्यार्थी, व्यापारी, औद्योगिक कर्मचारी और रेलवे कर्मी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रेनों के लगातार विलंब से यात्रियों का समय और संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। समिति इस मुद्दे को रेल महाप्रबंधक के समक्ष गंभीरता से उठाएगी और यह भी बताएगी कि मालगाड़ियों के संचालन से रेलवे को लाभ तो मिल रहा है, लेकिन पैसेंजर ट्रेनों की देरी से आम लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है।