चाईबासा में श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़

Spread the love

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मुस्लिम समुदाय का पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को चाईबासा शहर में धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

शहर के मस्जिद-ए-तैयबा, मस्जिद-ए-आसरा, मदीना मस्जिद, मदरसा रहमानिया, मदरसा अनवारुल उलूम और ईदगाह चाईबासा में विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान इमामों ने त्याग, इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। नमाजियों ने समाज में प्रेम और सहयोग की भावना को मजबूत करने की अपील करते हुए विश्व शांति की कामना की।

ईदगाह चाईबासा में अंजुमन इस्लामिया की ओर से विशेष नमाज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी, सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया के सचिव सह सामाजिक कार्यकर्ता फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने अधिकारियों का अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि बकरीद का पर्व त्याग, प्रेम, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख देता है तथा सभी को आपसी सद्भाव के साथ जीवन जीने का संदेश देता है।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाइयां दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं। बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। पूरे चाईबासा शहर में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।