आदित्यपुर : जयपुर स्थित सामाजिक संस्था इनाया फाउंडेशन द्वारा आदित्यपुर के इमली चौक स्थित आदिवासी कल्याण समिति परिसर में बच्चों को यौन शोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को समाज में बढ़ते यौन उत्पीड़न, खासकर महिलाओं, किशोरियों और छोटी बच्चियों के साथ होने वाली घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


कार्यशाला में बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार असामाजिक तत्व उन्हें निशाना बना सकते हैं और ऐसे मामलों में सतर्क रहना कितना जरूरी है। साथ ही “गुड टच और बैड टच” जैसी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई, ताकि बच्चे किसी भी संदिग्ध परिस्थिति को पहचान सकें और तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दे सकें।
संस्था की ओर से बच्चों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने आसपास के लोगों के बीच इस विषय पर जागरूकता फैलाएं। कार्यशाला में शामिल बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कहा कि उन्हें इस तरह की जानकारी पहली बार मिली है। उन्होंने अपने मोहल्ले और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर इनाया फाउंडेशन के फील्ड ऑफिसर रोमियो सैमवेल ने बताया कि संस्था सरायकेला-खरसावां जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों और विभिन्न सांस्कृतिक केंद्रों में इस तरह के जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

