रांची, 29 मई 2026: रांची जिला शतरंज चैम्पियनशिप 2026 का उद्घाटन समारोह शुक्रवार को चैंबर भवन स्थित FJCCI कार्यालय में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में खेल भावना, अनुशासन और रणनीतिक सोच के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में उप महापौर नीरज कुमार तथा FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा शामिल रहे।
मुख्य अतिथि महुआ माजी ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज एक ऐसा खेल है जो मानसिक विकास, धैर्य और रणनीतिक सोच को सशक्त बनाता है। उन्होंने युवाओं से इस खेल से जुड़कर अपने कौशल को निखारने का आह्वान किया।
FJCCI अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य में खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान नवजोत अलंग, सतीश कुमार एवं मनीष कुमार द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों—महुआ माजी, सिंभू मुर्मू, नीरज कुमार एवं आदित्य अग्रवाल—का सम्मान किया गया।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसके बाद शतरंज के जमीनी स्तर पर विकास और खेल भावना के महत्व पर विचार साझा किए गए। अतिथियों ने शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें AICF के संयुक्त सचिव मनीष कुमार, RDCA के महासचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, प्रबंधक मानसी सिंह, FJCCI के संयुक्त सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, मुख्य निर्णायक दीपक कुमार सहित कई अन्य सदस्य शामिल थे।
RDCA के महासचिव नवजोत अलंग ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं बल्कि धैर्य, अनुशासन और रणनीति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और राज्य में शतरंज के उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास व्यक्त किया।
यह चैम्पियनशिप झारखंड में शतरंज के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है और नए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रही है। जिले भर से आए प्रतिभागियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
AJCA एवं RDCA के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रतियोगिता के मुकाबलों की शुरुआत हुई।

