एनएस ग्रेड की अनदेखी पर भड़के राजेश सिंह, ग्रेड रिवीजन नहीं हुआ तो कड़ा रुख अपनाने की चेतावनी

Spread the love

टाटा स्टील में प्रस्तावित वेतन समझौते और ग्रेड रिवीजन को लेकर कर्मचारियों के बीच असंतोष बढ़ता नजर आ रहा है। टाटा वर्कर्स यूनियन की कमिटी मीटिंग में कोक प्लांट के कर्मचारी नेता राजेश कुमार सिंह ने एनएस ग्रेड की अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रबंधन और यूनियन नेतृत्व दोनों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वेतन समझौते से जुड़ी सभी वार्ताओं की पूरी और पारदर्शी जानकारी कर्मचारियों के सामने रखी जानी चाहिए, क्योंकि पिछले एक वर्ष से विभिन्न यूनियन कमेटियों द्वारा इन मुद्दों को लगातार उठाया जाता रहा है।

राजेश सिंह ने स्पष्ट किया कि एनएस कर्मचारियों के लिए डीए/पॉइंट, न्यूनतम एमजीबी, वार्षिक इंक्रीमेंट और अलाउंस एरियर जैसे कई अहम मुद्दे हैं, जिन पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधन कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमत नहीं दिख रहा है, जिससे स्थिति और जटिल होती जा रही है। ऐसे हालात में उन्होंने वेतन समझौते की अवधि को सीमित रखने और जरूरत पड़ने पर पुराने ढांचे पर पुनर्विचार करने की बात कही।

उन्होंने आगे कहा कि यदि यूनियन और प्रबंधन के बीच हुए समझौतों का पालन नहीं किया जाता है, तो इससे कर्मचारियों का भरोसा कमजोर होगा और संगठन की स्थिति भी प्रभावित होगी। अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं हुआ, तो कर्मचारी कड़ा रुख अपनाने को बाध्य होंगे और किसी भी आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।