जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गणगौर मिष्ठान की फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री से घना धुआं उठने लगा और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारण इसकी वजह हो सकते हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले फैक्ट्री से हल्का धुआं निकलता देखा गया, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार प्रयास कर रही है ताकि आग को पूरी तरह बुझाया जा सके और किसी तरह की बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। किसी के हताहत होने की सूचना अभी तक सामने नहीं आई है।

