आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क के पास शुक्रवार को अतिक्रमण को लेकर अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। अवैध रूप से फुटपाथ पर दुकान लगाने को लेकर दुकानदारों के बीच विवाद बढ़ गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर निगम की पार्षद नीतू शर्मा मौके पर पहुंचीं। इस दौरान कुछ दुकानदारों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल कुछ समय के लिए पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा पहले ही अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद कुछ दुकानदारों ने अपना सामान हटा लिया था। हालांकि, प्रभात पार्क के दूसरे हिस्से में अब भी कई फुटपाथी दुकानदारों का कब्जा बना हुआ है।
इसी बीच पार्क के संवेदक द्वारा अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से अस्थायी घेराबंदी कर दी गई, जिससे दुकानदारों में नाराजगी और बढ़ गई। एक दुकानदार को दुकान लगाने से रोके जाने पर दो गुटों के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद का रूप ले बैठी।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों को लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
वहीं, पार्षद नीतू शर्मा ने पूरे क्षेत्र से समान रूप से अतिक्रमण हटाने की मांग की है और कहा कि नियम सभी के लिए एक समान होना चाहिए। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन की नजर पूरे मामले पर बनी हुई है।

