आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र स्थित पम्मी कांटा के समीप शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। धर्मकांटा पर वजन कराने जा रहा एक बड़ा लॉजिस्टिक कंटेनर हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे उसमें अचानक भीषण आग लग गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर जैसे ही धर्मकांटा की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से टकरा गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और कुछ ही सेकंड में कंटेनर आग की लपटों में घिर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित दूरी बनाने लगे।
इस हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को किसी तरह वाहन से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। चालक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है और पूरे इलाके को सुरक्षित घेरा बनाकर नियंत्रण में लिया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

