जमशेदपुर : सामाजिक सेवा और मानवता के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाते हुए प्रयत्न संस्था द्वारा भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन, राम मंदिर बिष्टुपुर एवं रोटरी शेल्टर में सैकड़ों जरूरतमंदों और दैनिक वेतन भोगी लोगों के बीच भोजन वितरित किया गया।


इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक सहायता पहुंचाना था, जो प्रतिदिन भोजन की अनिश्चितता का सामना करते हैं। कार्यक्रम के दौरान करीब 100 से अधिक लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। यह सेवा कार्य संस्था के स्वयंसेवकों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संस्था के अध्यक्ष समर झा ने कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने बताया कि संस्था का लक्ष्य केवल एक दिन का भोजन वितरण नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
संस्था के सदस्यों ने यह संकल्प भी लिया कि भविष्य में प्रत्येक रविवार को इस प्रकार के सेवा कार्य नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कई स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

