बिष्टुपुर में तिरुपति की तर्ज पर 57वां ब्रह्मोत्सवम, 24 जून से 5 जुलाई तक भव्य आयोजन

Spread the love

जमशेदपुर (बिष्टुपुर) : आंध्र भक्त श्री राम मंदिर में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के 57वें ब्रह्मोत्सवम एवं श्री वेंकटेश्वर स्वामी कल्याण महोत्सव का आयोजन 24 जून से 5 जुलाई 2026 तक भव्य रूप से किया जाएगा। यह आयोजन तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम् की परंपराओं और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा।

12 दिवसीय इस महोत्सव में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेकम्, वाहन सेवाएं, नगर भ्रमण, रथोत्सव एवं कल्याण महोत्सव जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार तिरुपति से वैदिक विद्वान एवं पुरोहित आमंत्रित किए गए हैं, जो सभी अनुष्ठानों का संचालन करेंगे।

महोत्सव की शुरुआत 24 जून को अंकुरार्पणम् के साथ होगी, जबकि 25 जून को ध्वजारोहणम् के साथ ब्रह्मोत्सवम का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। अलग-अलग दिनों में हंस, गरुड़, शेष, हनुमत, गज, अश्व और चंद्रप्रभा जैसे विभिन्न वाहन सेवाओं के माध्यम से भगवान की शोभायात्राएं शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएंगी।

1 जुलाई को भव्य रथोत्सव इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु रथ को खींचते हुए “गोविंदा… गोविंदा…” के जयघोष के साथ भाग लेंगे।

महोत्सव का समापन 5 जुलाई को श्री वेंकटेश्वर स्वामी, श्रीदेवी और भूदेवी के दिव्य कल्याण महोत्सव के साथ होगा। इस दौरान तिरुपति की परंपरा के अनुसार विशेष लड्डू प्रसाद भी श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा।

मंदिर समिति ने शहरवासियों से इस भव्य आयोजन में परिवार सहित भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।