जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के बाद शहर में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश मौसम का मिजाज बदल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27, 28 और 29 अक्टूबर को जमशेदपुर में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। विभाग के मुताबिक, इन तीन दिनों में एक से दो बार बारिश हो सकती है। इसके कारण दिन के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं, जबकि रात के तापमान में बढ़ोतरी संभव है।


शुक्रवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था। तेज धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में करीब 12 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दीपावली के दौरान भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में त्योहार के दौरान बाहर निकलने वाले लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
27 से 29 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश या बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों में रहने, ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। मौसम में बदलाव के बीच सतर्कता बरतना जरूरी है।

