13 जून को आदित्यपुर में महाधरना का ऐलान, जलापूर्ति मुद्दे पर जनकल्याण मोर्चा व अधिवक्ता संघ सख्त

Spread the love

सरायकेला/आदित्यपुर : जन कल्याण मोर्चा एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ ने आगामी 13 जून को आकाशवाणी चौक स्थित पटेल प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय महाधरना आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला दोनों संगठनों की संयुक्त बैठक में लिया गया, जो आदित्यपुर स्थित कार्यालय में अधिवक्ता ओमप्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में सीतारामपुर स्थित 30 MLD वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के चालू नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। बताया गया कि प्लांट दो महीने पहले ही तैयार हो चुका है और 9 अप्रैल से टेस्टिंग भी शुरू हो गई थी, इसके बावजूद अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं होना नगर निगम की लापरवाही को दर्शाता है।

संगठनों ने कहा कि 395 करोड़ रुपये की आदित्यपुर पेयजल आपूर्ति योजना वर्षों बाद भी अधूरी है, जिससे आम जनता परेशान है। इस मुद्दे को जनप्रतिनिधियों द्वारा सदनों में नहीं उठाए जाने पर भी खेद जताया गया।

निर्णय लिया गया कि यदि 12 जून तक 30 MLD प्लांट से नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई और उपभोक्ताओं को कनेक्शन नहीं दिया गया, साथ ही 60 MLD प्लांट को अगस्त 2026 तक चालू करने का लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो 13 जून को महाधरना किया जाएगा।

महाधरना की तैयारी के लिए एक उपसमिति का गठन भी किया गया है। इसके अलावा, टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की देरी को लेकर चल रहे आंदोलन को समर्थन देने तथा आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाने का भी निर्णय लिया गया।