सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ ने पेयजल आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर आगामी 13 जून को आकाशवाणी चौक स्थित पटेल जी की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह निर्णय शनिवार को आयोजित दोनों संगठनों की संयुक्त बैठक में लिया गया।


बैठक आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर 32 कार्यालय में जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जबकि संचालन अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र नाथ ओझा ने किया।
बैठक में वक्ताओं ने सीतारामपुर स्थित 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर गंभीर नाराजगी जताई। बताया गया कि यह प्लांट करीब दो महीने पहले ही बनकर तैयार हो चुका है और 9 अप्रैल से पानी की टेस्टिंग भी शुरू हो गई है, इसके बावजूद अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है। इसे आदित्यपुर नगर निगम की लापरवाही और निष्क्रियता का उदाहरण बताया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।
इसके अलावा, 395 करोड़ रुपये की आदित्यपुर पेयजल आपूर्ति योजना, जिसकी शुरुआत 4 दिसंबर 2018 को हुई थी और जिसे 3 दिसंबर 2021 तक पूरा होना था, वह आज भी अधूरी है। पांच साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद योजना के पूर्ण नहीं होने पर संगठनों ने गहरी नाराजगी जताई।
बैठक में इस बात पर भी खेद व्यक्त किया गया कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे को न तो झारखंड विधानसभा में और न ही लोकसभा में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रभावी ढंग से उठाया गया, जिसके कारण आम जनता को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

