सरायकेला-खरसावां : कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट, पुड़िसिलि में 15 मई को हुए चर्चित युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की भूमिका भी सामने आई है, जिस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को डोंगाघाट क्षेत्र से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। युवक की हत्या चापड़ और भुजाली से कई वार कर की गई थी। बाद में मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अहमद जमील अंसारी (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो वर्तमान में जमशेदपुर के धतकीडीह में किराये के मकान में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के सीवान जिले में है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया।
मामले की जांच में साबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नू बच्चा की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

