जमशेदपुर: गोलमुरी फायरिंग मामले का खुलासा, चार गिरफ्तार, हथियार और चोरी की बाइक बरामद

Spread the love

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 26 और 27 मई 2026 की रात गोलमुरी क्षेत्र में फायरिंग की दो घटनाएं हुई थीं, जिनके बाद गोलमुरी थाना में कांड संख्या 60/2026 और 61/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी, रविंद्र कुमार ठाकुर, बलराम सिंह उर्फ छोटू और अमन सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में सभी ने गोलीबारी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी विक्की सिंह गिल पहले से ही कन्हैया यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में है। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है।

एसएसपी ने कहा कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क का जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।