48 घंटे की बारिश बनी आफत, चुटिया टोला में गंदे पानी से गहराया जल संकट

Spread the love

लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड के गढ़बुढ़नी पंचायत अंतर्गत चुटिया टोला के चुरखाड़ में 48 घंटे पहले हुई तेज बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। नदी का गंदा पानी गांव के चुआड़ी में घुस जाने से पूरा टोला शुद्ध पानी के लिए भटकने को मजबूर हो गया है।

गांव में पहले से ही जलमीनार वर्षों से खराब पड़े हैं और नल-जल योजना का लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। ऐसे में नदी किनारे खुद से बनाए गए चुआड़ी का पानी ही जीवन का एकमात्र सहारा था। लेकिन हाल की मूसलाधार बारिश ने इस सहारे को भी खत्म कर दिया।

बारिश के बाद नदी में आए उफान से कीचड़, कचरा और गंदगी से भरा पानी चुआड़ी में भर गया, जिससे वह पूरी तरह प्रदूषित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी से बदबू आ रही है और इसका इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के झरनों और डोभा से पानी लाने को मजबूर हैं। कई घरों में पीने और खाना बनाने तक के लिए साफ पानी नहीं है।

ग्रामीणों ने वीडियो वायरल कर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने सांसद, विधायक, उपायुक्त और प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े जलमीनारों की जल्द मरम्मत कर स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।