नए एसडीओ से मुखिया संघ की पहली मुलाकात, विकास कार्यों में तेजी का मिला भरोसा

Spread the love

महुआडांड़: अनुमंडल के नवपदस्थापित एसडीओ सुलेमान मुंडारी से सोमवार को प्रखंड मुखिया संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कई पंचायतों में अब भी सड़क, शुद्ध पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

एसडीओ सुलेमान मुंडारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि आम जनता की परेशानियों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि लंबित योजनाओं की समीक्षा कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी और प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा।

मुलाकात के बाद मुखिया संघ के सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नए एसडीओ के सकारात्मक रवैये से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।