महुआडांड़: लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर सोमवार को महुआडांड़ थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का उद्देश्य बाजार क्षेत्र को नशामुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाना रहा।


बैठक में महुआडांड़ पंचायत की मुखिया प्रमिला मिंज, अंबवाटोली पंचायत की मुखिया रोशनी कुजूर समेत कई वार्ड सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बाजार की वर्तमान समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और समाधान के लिए सुझाव दिए।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी रहेगी। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।
बैठक में स्वच्छता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि दुकानदार अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखेंगे और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस कार्य में पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी।
जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि बाजार को सुरक्षित और स्वच्छ बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और प्रशासन का साथ दें।

