बैठक के 24 घंटे में एक्शन, महुआडांड़ पुलिस ने राजडंडा चौक और शिवनगर में अवैध सामग्री की जब्ती

Spread the love

महुआडांड़: पंचायत प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के महज 24 घंटे के भीतर महुआडांड़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजडंडा चौक और शिवनगर क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध निर्माण कार्य में लगी सामग्री को जब्त कर लिया।

बताया गया कि लगातार हिदायत देने के बावजूद अवैध निर्माण कार्य बंद नहीं किया जा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। छापेमारी के दौरान निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री को जब्त कर थाना ले जाया गया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि बैठक में ही स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र को अवैध कब्जे और निर्माण से मुक्त कराने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद राजडंडा चौक और शिवनगर में अवैध गतिविधियों में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सीधे कड़े कदम उठाए जाएंगे।